हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को हरिद्वार पहुंचे, जहां उन्होंने भारत माता मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की समाधि स्थली पर उनकी भव्य श्रीविग्रह मूर्ति स्थापना समारोह में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब सब चंगा है और जंगलराज पूरी तरह समाप्त हो चुका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज सनातन संस्कृति के सच्चे ध्वजवाहक थे और उनके विचार आज भी राष्ट्र को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में शामिल होना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
सीएम योगी ने कहा कि आज देश में जो विकास की गाथा लिखी जा रही है, वह नए भारत की पहचान है। भारत केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि ऋषियों की तपस्या और किसानों के श्रम से बना राष्ट्र है। उन्होंने कहा कि जहां धर्म होता है, वहीं विजय होती है। धर्म कभी कमजोर नहीं होता, बल्कि उसे कमजोर करने के षड्यंत्र किए जाते हैं।
उत्तर प्रदेश की स्थिति पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब प्रदेश में न कर्फ्यू है और न दंगे। बेटियां सुरक्षित हैं और कानून का राज स्थापित हो चुका है। पहले जहां राम भक्तों पर गोलियां चलती थीं, वहीं आज भव्य राम मंदिर का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि कभी बीमारू राज्य कहे जाने वाला उत्तर प्रदेश आज विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सीएम योगी ने माघ मेले का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले यह केवल कल्पवासियों तक सीमित रहता था, लेकिन इस वर्ष माघ मेले में 21 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने संगम में स्नान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के चार धाम, हरिद्वार, प्रयागराज, वाराणसी और अयोध्या राष्ट्र चेतना के प्रमुख केंद्र हैं।
ग्राम स्वराज की अवधारणा पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारत की मूल शक्ति ग्राम स्वराज रही है। गुरुकुल और ऋषि आश्रमों में कृषि, आयुर्वेद, प्रशासन और जीवन जीने की कला सिखाई जाती थी। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी ने भी ग्राम स्वराज को भारत की आत्मा बताया था। आक्रांताओं ने गांवों की इस व्यवस्था को नष्ट किया और किसानों को करदाता बना दिया। जब गांव कमजोर होता है, तो राष्ट्र की नींव भी हिल जाती है।

