रुड़की। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने शराब कैंटीन संचालक अमन की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, आक्रोशित लोगों ने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर जमकर हंगामा किया और घेराव किया।
जानकारी के अनुसार, ढंडेरा निवासी अमन शराब की कैंटीन चलाते थे। शुक्रवार देर रात वह कैंटीन बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में घात लगाए बैठे दो बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल अमन को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आरोपियों की तलाश में पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में कांबिंग अभियान भी चलाया, लेकिन देर रात तक बदमाशों का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वारदात का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

