हरिद्वार स्थित भारत माता मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यामित्रानंद गिरि महाराज की लसमाधि स्थली पर श्रीविग्रह मूर्ति स्थापना समारोह के दूसरे दिन कार्यक्रम विधिवत रूप से प्रारंभ हुआ। समारोह के द्वितीय दिवस पर धर्मसभा एवं संत सम्मेलन का आयोजन किया गया।
धर्मसभा में देशभर से पहुंचे संत-महात्मा, धर्माचार्य एवं विद्वान गुरुदेव स्वामी सत्यामित्रानंद गिरि महाराज के जीवन-दर्शन, सनातन धर्म की समन्वय परंपरा तथा राष्ट्र निर्माण में आध्यात्मिक मूल्यों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम में जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार, योगगुरु स्वामी रामदेव, प्रमोद कृष्णन सहित अनेक संत-महात्मा और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। समारोह में आध्यात्मिक एकता, राष्ट्रवाद और सनातन मूल्यों के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया।

