हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का बुधवार को हरिद्वार स्थित खड़खड़ी श्मशान घाट में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। उनकी अंतिम यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा और हर वर्ग के लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
अंतिम संस्कार के दौरान सेना एवं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर पूर्व मुख्यमंत्री को अंतिम सलामी दी। उनके पुत्र मनीष खंडूरी ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की रस्म पूरी की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि बीसी खंडूड़ी का निधन राज्य और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने सेना, केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री के रूप में पारदर्शिता, अनुशासन और ईमानदारी के साथ उत्कृष्ट कार्य किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि खंडूड़ी हमेशा सभी के लिए प्रेरणा स्रोत रहेंगे और उनकी कमी एक अभिभावक के रूप में हमेशा महसूस की जाएगी।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि बीसी खंडूड़ी का जीवन सादगी, अनुशासन और ईमानदारी का प्रतीक रहा। उन्होंने मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और सेना अधिकारी के रूप में हर जिम्मेदारी को पूरी निष्ठा से निभाया। उन्होंने कहा कि सुशासन और लोकपाल जैसे महत्वपूर्ण विषयों को आगे बढ़ाने में खंडूड़ी का योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
अंतिम यात्रा और श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भगत सिंह कोश्यारी, विजय बहुगुणा, रमेश पोखरियाल निशंक, तीरथ सिंह रावत, अजय टम्टा, अनिल बलूनी, अजय भट्ट समेत अनेक जनप्रतिनिधि, संतगण और बड़ी संख्या में आम लोग मौजूद रहे।

