हरिद्वार। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर टीम 15Q हरिद्वार, एनडीआरएफ द्वारा जनपद हरिद्वार के विभिन्न स्थानों पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, हरित आवरण में वृद्धि करना तथा लोगों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना था।
अभियान के दौरान कुल 210 फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इनमें मुख्य रूप से आंवला, अनार, अमरूद, नीम, जामुन एवं इमली के पौधे शामिल रहे। वृक्षारोपण कार्यक्रम टीम 15Q हरिद्वार, बहादराबाद, सप्तऋषि घाट, परमार्थ घाट, गंगा नदी के टोकर संख्या-13 एवं 14 तथा सिडकुल हरिद्वार सहित विभिन्न स्थानों पर आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में एनडीआरएफ के बचावकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई। अभियान का मुख्य उद्देश्य हरित क्षेत्र का विस्तार, जैव विविधता का संरक्षण तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करना रहा।
सिडकुल हरिद्वार में आयोजित विशेष कार्यक्रम में जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, महाप्रबंधक सिडकुल, उप जिलाधिकारी (एसडीएम) हरिद्वार, वन विभाग के अधिकारी, सिडकुल प्रतिनिधि तथा जिला प्रशासन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
उपस्थित अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के लिए एनडीआरएफ द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए अधिकाधिक वृक्षारोपण के लिए लोगों को प्रेरित किया। यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व और जनभागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बना।

