हरिद्वार। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर हरिद्वार पहुंचे। गुरुवार को उन्होंने पतंजलि योगपीठ, महर्षि दयानंद ग्राम में नवनिर्मित पतंजलि इमरजेंसी एंड क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल का उद्घाटन किया। इसके बाद वह अखिल विश्व गायत्री परिवार की ओर से आयोजित शताब्दी समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
गृह मंत्री अमित शाह बुधवार देर शाम हरिद्वार पहुंचे थे। जूना अखाड़ा के महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी ने उनका स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया। गुरुवार को अपने दौरे के दौरान उन्होंने सबसे पहले पतंजलि योगपीठ में अस्पताल का उद्घाटन किया, फिर गायत्री तीर्थ पहुंचकर अखंड ज्योति के दर्शन किए।
इसके पश्चात गृह मंत्री कनखल स्थित बैरागी द्वीप पहुंचे, जहां माता भगवती देवी शर्मा की जन्म शताब्दी एवं अखंड दीप शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित गायत्री परिवार शताब्दी समारोह 2026 में उन्होंने सहभागिता की। इन सभी कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उनके साथ मौजूद रहे।
इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य ने करोड़ों लोगों को गायत्री मंत्र, गायत्री उपासना और साधना से जोड़ा। अब उन करोड़ों अनुयायियों की जिम्मेदारी है कि चिन्मय भाई के नेतृत्व में अगले सौ वर्षों में नई ऊर्जा और उत्साह के साथ इस आंदोलन को आगे बढ़ाएं।
उन्होंने कहा कि पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य और माता भगवती देवी शर्मा ने अपने जीवनकाल में युग परिवर्तन का कार्य किया। आज उनके आंदोलन से जुड़े 15 करोड़ से अधिक लोग आध्यात्मिक मार्ग पर अग्रसर हैं और अखंड ज्योति की शताब्दी मनाई जा रही है। उन्होंने 1925-26 को राष्ट्रीय पुनर्जागरण का वर्ष बताते हुए कहा कि उसी कालखंड में संघ परिवार की स्थापना भी हुई थी। गृह मंत्री के आगमन को लेकर जनपद में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल के साथ-साथ अन्य सुरक्षा एजेंसियां तैनात रहीं।

