हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत सोमवार को हरिद्वार के श्यामपुर कांगड़ी में आयोजित वन गुर्जरों के हकों की महापंचायत में शामिल होने पहुंचे। बहादराबाद टोल प्लाजा पर बड़ी संख्या में किसानों ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
इस दौरान राकेश टिकैत ने आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि हरिद्वार आने वाले शिवभक्तों के साथ किसी भी प्रकार का अभद्र व्यवहार या धक्का-मुक्की नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरिद्वार आस्था का प्रमुख केंद्र है और प्रशासन को श्रद्धालुओं के प्रति सहयोगात्मक एवं संवेदनशील रवैया अपनाना चाहिए।
टिकैत ने शिवभक्तों से भी अपील की कि वे अत्यधिक वजन वाली कांवड़ लेकर यात्रा न करें, ताकि उन्हें अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा आपसी सौहार्द, अनुशासन और शांति के साथ संपन्न होनी चाहिए।

