हरिद्वार: नैनीताल हाईकोर्ट के आदेश के अनुपालन में हरिद्वार जिले में गंगा नदी के किनारे अवैध रूप से संचालित 48 स्टोन क्रशरों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई शुरू हो गई है।
एडीएम के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने शुक्रवार को भोगपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए अवैध स्टोन क्रशरों के बिजली और पानी के कनेक्शन काटे और प्लांटों के मुख्य गेट सील कर दिए। शाम चार बजे तक करीब 20 स्टोन क्रशरों पर यह कार्रवाई की जा चुकी थी।
प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगी और सभी 48 स्टोन क्रशरों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हाईकोर्ट के स्पष्ट निर्देशों के तहत हरिद्वार के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को एक सप्ताह के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) न्यायालय में पेश करनी है।
गौरतलब है कि गंगा की स्वच्छता और पारिस्थितिकी संरक्षण को लेकर कोर्ट ने सख्ती बरतते हुए गंगा तट के पास संचालित अवैध खनन और क्रशर गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे। प्रशासन की यह कार्रवाई उसी आदेश का हिस्सा है।

