हरिद्वार। उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah ने हरिद्वार में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पांच लोगों को भारत की नागरिकता के प्रमाणपत्र भी प्रदान किए। अपने संबोधन में गृह मंत्री ने घुसपैठ और तुष्टिकरण की राजनीति को लेकर कांग्रेस और Rahul Gandhi पर तीखा हमला बोला।
गृह मंत्री ने कहा कि जो भारत का नागरिक नहीं है, उसे देश से बाहर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि घुसपैठ को पूरी तरह खत्म किया जाएगा। केदारनाथ से कन्याकुमारी तक राहुल गांधी को जितना विरोध करना है करें, लेकिन उन्हें हर चीज में नकारात्मकता ही दिखाई देती है। शाह ने कहा कि नौ वर्षों में भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री Harish Rawat की सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगे थे।
शाह ने कहा कि उत्तराखंड समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि यह कानून जनसांख्यिकीय असंतुलन को रोकने में मदद करेगा और इसके लिए एक हाईपावर कमेटी बनाने का निर्णय लिया गया है, जो जल्द काम शुरू करेगी।
कांग्रेस से मांगा विकास का हिसाब
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस से विकास कार्यों का हिसाब मांगना चाहिए। उन्होंने कहा कि 2014 से अब तक केंद्र की Bharatiya Janata Party सरकार ने उत्तराखंड को बड़े पैमाने पर आर्थिक सहायता दी है। उन्होंने बताया कि केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
शाह ने कहा कि 2009 से 2014 तक राज्य का औसत बजट 187 करोड़ रुपये था, जबकि भाजपा सरकार के दौरान यह बढ़कर 4770 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। उन्होंने बताया कि राज्य की प्रति व्यक्ति आय 2014 में 1.25 लाख रुपये थी, जो अब बढ़कर 2.73 लाख रुपये हो गई है और जीएसडीपी 3.50 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गई है।
2027 में तीसरा मौका देने की अपील
गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व में उत्तराखंड बिखर चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद को चलने नहीं देती और केवल हंगामा करने की नीति पर काम कर रही है। शाह ने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार ने विकास और सेवा का काम किया है और 2027 में जनता से तीसरी बार मौका देने की अपील की।
शाह को पहनाई गई पारंपरिक टोपी
देवभूमि उत्तराखंड आगमन पर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami ने गृह मंत्री अमित शाह का स्वागत किया और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। हरिद्वार पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने शाह को राज्य की सांस्कृतिक पहचान के रूप में पारंपरिक टोपी पहनाकर सम्मानित किया और एक स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।
पांच लोगों को मिला नागरिकता प्रमाणपत्र
कार्यक्रम में पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आए शरणार्थियों शैलेष, जसपाल परमार, दुर्गा लाली राजपूत और हसेरी बाई सहित पांच लोगों को भारतीय नागरिकता के प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय सेवा मिशन के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच पुलिस आरक्षियों को भी सम्मानित किया गया।
1100 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण
केंद्रीय गृह मंत्री ने इस अवसर पर लगभग 1100 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। साथ ही नई नियुक्ति पाने वाले करीब 2000 पुलिस कर्मियों ने कार्यक्रम में गृह मंत्री का स्वागत किया।
‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम में शामिल हुए शाह
हरिद्वार में आयोजित ‘चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम के तहत गृह मंत्री ने विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लिया। इस दौरान 312.31 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का शिलान्यास और 115.09 करोड़ रुपये की 32 परियोजनाओं का लोकार्पण किया गया।
राज्य सरकार की ओर से चार साल के कार्यकाल पर राज्य स्तरीय प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जिसमें समान नागरिक संहिता, सख्त नकलरोधी कानून, जबरन धर्मांतरण रोकथाम कानून, दंगारोधी कानून, भू-कानून, नए आपराधिक कानूनों का क्रियान्वयन, अल्पसंख्यक शिक्षा विधेयक और अग्निवीरों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण जैसे फैसलों को प्रदर्शित किया गया।

