हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार स्थित केंद्रीय मेला नियंत्रण भवन में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित होगी। बैठक में स्वास्थ्य, आवास और शहरी विकास समेत विभिन्न विभागों के प्रस्तावों पर चर्चा की जाएगी। माना जा रहा है कि सरकार इस दौरान कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगा सकती है।
कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धर्मनगरी हरिद्वार में हरकी पैड़ी पहुंचकर पूजा-अर्चना की। उन्होंने आगामी कुंभ मेले के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन की कामना की। इस दौरान प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भी मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में मेला नियंत्रण भवन में मंत्रिमंडल की बैठक होगी।
हर जिले में कैबिनेट बैठक करने की पहल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के प्रत्येक जिले में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत चंपावत जिले से हो चुकी है। हरिद्वार में होने वाली बैठक इस पहल के तहत दूसरी कैबिनेट बैठक है। सरकार का उद्देश्य जिलों में पहुंचकर विकास कार्यों और स्थानीय जरूरतों से जुड़े विषयों पर चर्चा करना है।
बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों के साथ आगामी विधानसभा सत्र को लेकर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि कैबिनेट में सत्र के आयोजन की तारीख और स्थान पर निर्णय लिया जा सकता है। सरकार को 30 अक्तूबर से पहले विधानसभा सत्र आहूत करना है।
कैबिनेट बैठक के बाद दिल्ली जाएंगे मुख्यमंत्री
हरिद्वार में कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। वहां उनकी केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के साथ बैठक प्रस्तावित है। इस दौरान प्रदेश की विभिन्न योजनाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी।

.jpeg)
.jpeg)

