दिग्गज बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र की अस्थियों का बुधवार सुबह हरिद्वार में गंगा नदी में विधि-विधान के साथ विसर्जन किया गया। अंतिम संस्कार के बाद उनका अस्थि कलश लेकर हरिद्वार पहुंचे बेटे सनी देओल और बॉबी देओल ने परिवार के साथ पारंपरिक पूजा-अर्चना करते हुए गंगा में अस्थियां प्रवाहित कीं।
अस्थि विसर्जन कार्यक्रम को पूरी तरह गोपनीय और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न किया गया। परिवार ने मीडिया से दूरी बनाए रखी और घाट पर मौजूद लोगों को भी किसी प्रकार की जानकारी साझा न करने के निर्देश दिए गए थे। सूत्रों के मुताबिक श्रवणनाथ नगर स्थित एक निजी होटल के पीछे घाट पर सुबह करीब 7 बजे धार्मिक कर्मकांड पूरे किए गए।
पूजा के उपरांत देओल परिवार बिना किसी औपचारिकता के हरिद्वार से जौलीग्रांट एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गया। होटल से एयरपोर्ट तक पूरे मार्ग में सुरक्षा और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखा गया।
24 नवंबर को हुआ था धर्मेंद्र का निधन
हिंदी सिनेमा के महान अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर को मुंबई में 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनके निधन से फिल्म जगत और प्रशंसकों में गहरा शोक है। पिता की अंतिम रस्मों के दौरान सनी और बॉबी देओल लगातार मौजूद रहे, और हरिद्वार में आयोजित यह कर्मकांड परिवार के लिए अत्यंत भावुक क्षण रहा।

