Saturday, March 7, 2026
Homeअंतरराष्ट्रीय समाचारजापानी मिडिया रिपोर्ट के अनुसार; उत्तर कोरिया की न्यूक्लियर टेस्ट साइट पर...

जापानी मिडिया रिपोर्ट के अनुसार; उत्तर कोरिया की न्यूक्लियर टेस्ट साइट पर बड़ा हादसा, 200 की मौत

तोक्यो एजेंसीज) : लगातार परमाणु परीक्षण कर दुनियाभर में खलबली मचाने वाले उत्तर कोरिया को बड़ा झटका लगा है। खबर है कि उत्तर कोरिया के परमाणु परीक्षण साइट पंगी-री पर एक सुरंग के ढहने से 200 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। जापानी मीडिया के हवाले से यह खबर सामने आई है। बताया जा रहा है कि 3 सितंबर को उत्तर कोरिया ने छठवां और सबसे बड़ा अंडरग्राउंड न्यूक्लियर टेस्ट किया था। उसके कुछ दिन बाद ही यह हादसा हुआ। इसकी जानकारी अब निकलकर सामने आई है।

जापान के एक टीवी चैनल ने उत्तर कोरिया में मौजूद अपने सूत्रों के हवाले से बताया है कि शुरुआत में करीब 100 मजदूर वहां फंसे थे। इसके बाद राहत और बचाव कार्य के दौरान सुरंग का एक और हिस्सा ढह गया। इसके चलते 200 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। टीवी चैनल के मुताबिक, परमाणु परीक्षण के चलते ही हादसे के हालात पैदा हुए। विशेषज्ञों ने चेतावनी भी दी थी कि अंडरग्राउंड टेस्ट्स की वजह से पहाड़ गिर सकता है और चीन बॉर्डर के नजदीक रेडिएशन लीक हो सकता है।

इस न्यूक्लियर टेस्ट साइट पर 2006 से लेकर अब तक 6 परीक्षण किए जा चुके हैं। 3 सितंबर को हुए छठवें परीक्षण के एक दिन बाद सैटलाइट से ली गईं तस्वीरों के मुताबिक, विस्फोट के चलते इलाके में कई भूस्खलन हुए। धमाके के चलते पहले 6.3 तीव्रता का भूकंप आया और फिर कुछ मिनटों बाद 4.1 तीव्रता के एक और भूकंप आया था।

जापान के आंकलन के मुताबिक, उत्तर कोरिया ने 3 सितंबर को जिस हाइड्रोजन बम का परीक्षण किया था, वह 1945 में हिरोशिमा पर गिराए गए परमाणु बम से आठ गुना ज्यादा शक्तिशाली था। रिपोर्ट के मुताबिक माना जा रहा है कि परीक्षण के बाद यहां की जमीन ढीली और कमजोर हो गई थी।

बता दें कि उत्तर कोरिया अपने यहां होने वाले हादसों को कभी स्वीकार नहीं करता है। खास तौर पर परमाणु कार्यक्रम से जुड़े हादसों को लेकर तो बिल्कुल नहीं। उधर दक्षिण कोरिया की मंत्री ली यूगीन ने कहा, ‘हमें इस रिपोर्ट की जानकारी मिली है, लेकिन हम इस बारे में कुछ नहीं जानते।’

गौरतलब है कि उत्तर कोरिया में हुए इस हादसे की रिपोर्ट ऐसे वक्त में सामने आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप अगले सप्ताह दक्षिण कोरिया के दौरे पर आ रहे हैं। उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन और ट्रंप के बीच जुबानी जंग चल रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments