पाकिस्तान के पेशावर में सोमवार सुबह फेडरल कॉन्स्टेबुलरी (पूर्व में फ्रंटियर कॉन्स्टेबुलरी) के मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला हुआ। मुख्यालय के पास लगातार कई धमाकों की आवाज सुनाई देने के बाद पूरे इलाके को खाली कराया गया। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हमले में शामिल दो आत्मघाती हमलावरों को मार गिराया गया, जबकि हमले में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए और दो घायल हुए हैं।
सुबह 8 बजे पहला धमाका
पाकिस्तान की द डॉन वेबसाइट के मुताबिक, हमला सुबह करीब 8 बजे सद्दार–कोहत रोड पर हुआ।पहले एक आत्मघाती हमलावर ने मुख्यालय के गेट पर खुद को उड़ा लिया। धमाके के तुरंत बाद फायरिंग की आवाजें सुनाई दीं। इस दौरान दूसरा हमलावर मुख्यालय में घुसने की कोशिश कर रहा था, जिसे सुरक्षाबलों ने मौके पर ढेर कर दिया। इसके बाद इलाके को घेरकर सुरक्षाबलों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
अस्पताल में आपातकाल घोषित
हमले के बाद पेशावर के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल लेडी रीडिंग हॉस्पिटल में इमरजेंसी लागू कर दी गई। अस्पताल प्रवक्ता के अनुसार, अब तक छह घायलों को भर्ती कराया गया है और उनकी हालत स्थिर है।
भीड़भाड़ वाले इलाके में स्थित मुख्यालय
फेडरल कॉन्स्टेबुलरी का यह मुख्यालय पेशावर के घनी आबादी वाले क्षेत्र में स्थित है और नजदीक ही एक सैन्य छावनी भी है। इसी साल जुलाई में शहबाज शरीफ सरकार ने फ्रंटियर कॉन्स्टेबुलरी का नाम बदलकर फेडरल कॉन्स्टेबुलरी रखा था।
पाकिस्तान में आतंकी हमलों में बढ़ोतरी
बीते कुछ वर्षों में पाकिस्तान, खासकर खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में आतंकी हमलों में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। इसका प्रमुख कारण है तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के साथ सरकार का शांति समझौता टूटना, जिसके बाद संगठन की गतिविधियां और हमले बढ़े हैं।

