उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (यूकेपीएससी) द्वारा आयोजित उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा (पीसीएस)-2024 के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और अभिलेख सत्यापन पांच जनवरी से शुरू होगा। आयोग ने इसका विस्तृत शेड्यूल जारी कर दिया है।
आयोग ने पीसीएस मुख्य परीक्षा दो से पांच फरवरी और 14 मई को आयोजित की थी, जिसका परिणाम एक दिसंबर को घोषित किया गया था। आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि पांच से नौ जनवरी के बीच उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, हरिद्वार स्थित परीक्षा भवन में साक्षात्कार एवं अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया संपन्न होगी।
साक्षात्कार से पहले अभ्यर्थियों को पदों के लिए अपनी वरीयता भरनी होगी। इसके लिए ऑनलाइन विंडो मंगलवार से नौ जनवरी तक खोली जाएगी। एक बार वरीयता प्रपत्र भरने के बाद उसमें किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जा सकेगा।
अभिलेख सत्यापन के दौरान अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में किए गए दावों के अनुसार आवेदन पत्र की स्वहस्ताक्षरित प्रति, चेकलिस्ट तथा अनिवार्य शैक्षिक अर्हता, अधिमानी अर्हता, आरक्षण आदि से संबंधित प्रमाणपत्रों की स्वहस्ताक्षरित छायाप्रति साथ लानी होगी।
साक्षात्कार का प्रथम सत्र सुबह 10 बजे से और द्वितीय सत्र दोपहर 2 बजे से आयोजित किया जाएगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि पर अभिलेख सत्यापन के लिए उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार का अवसर नहीं दिया जाएगा।

