Sunday, March 8, 2026
Homeराज्यउत्तराखण्डबागेश्वर में उच्च हिमालयी गांवों में बर्फबारी, अन्य हिस्सों में हो रही...

बागेश्वर में उच्च हिमालयी गांवों में बर्फबारी, अन्य हिस्सों में हो रही बारिश

बागेश्वर : गुरुवार की सुबह से मौसम ने फिर करवट बदल ली है। कपकोट के तमाम गांवों में हिमपात शुरू हो गया है। जिले के अन्य हिस्सों में बारिश हो रही है। जिससे एक बार फिर ठंड लौट आई है। लोग ठंड से बचने के लिए हीटर, अलाव आदि का उपयोग कर रहे हैं। वहीं बारिश के कारण बाजार में भी सन्नाटा रहा। कुमाऊं में पहाड़ी क्षेत्राें में दो दिनों से बर्फबारी व बारिश हो रही है। गुरुवार सुबह से इसकी रफ्तार तेज हो गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात तो मैदानी क्षेत्रों में बारिश हो रही है। इससे पारा काफी गिर गया है। कड़ाके की ठंड हो रही है। लोग घरों में दुबके रहे। कृषि विशेषज्ञों ने बताया कि यह बारिश गेहूं व मौसमी सब्जियों के लिए काफी लाभप्रद है। इसके अलावा बर्फबारी से आने वाले समय में पेयजल की समस्या से निजात मिलेगी।

मौमस विभाग की जानकारी सटीक साबित हो रही है। बीते बुधवार को आसमान में बादल छाए रहे। रातभर बादल रहने के बाद अलसुबह से बारिश होने लगी। कपकोट के विनायक, वाछम, बोरबलड़ा, बदियाकोट, खाती, ढोक्टी गांव, बघर, कुंवारी, झूनी, खल्झूनी, समडर, जांतोली, रिखाड़ी, शामा, खरकिया, धरमघर आदि क्षेत्रों में हिमपात हो रहा है।जिसके कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। 

इधर, यदि बारिश नहीं थमी तो आगामी शुक्रवार की सुबह तक कौसानी में हिमपात होने की संभावना प्रबल हो गई है। यहां आए पर्यटकों को हिमपात के नजारे भी मिल सकते हैं। वहीं, ग्वालदम क्षेत्र में भी हल्का हिमपात होने की सूचना है। किसान राम सिंह, सुंदर सिंह, प्रवीण सिंह, मोहन सिंह ने बताया कि बारिश से गेहूं की फसल अच्छी होगी। यदि ओलावृष्टि हुई तो नुकसान भी होने की आशंका है। 

जिला आपदा अधिकारी शिखा सुयाल ने बताया कि मौसम विभाग ने पूर्व में चेतावनी जारी की थी। जिले की सभी तहसीलों में बारिश हो रही है। तहसील कपकोट के उच्च हिमालयी गांवों में हिमपात हो रहा है। अन्य किसी प्रकार के नुकसान की सूचना प्राप्त नहीं है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments