बद्रीनाथ, उत्तराखंड। भारत की पहली माउंटेन बाइकिंग प्रतियोगिता अब पवित्र नगरी बद्रीनाथ के माणा पास में आयोजित की जा रही है। यह रोमांचक आयोजन 25 से 28 सितंबर 2025 तक चलेगा। प्रतियोगिता का चौथा संस्करण माणा पास को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।
अब तक इस प्रतियोगिता से 165 से अधिक सदस्य जुड़ चुके हैं, जिनमें करीब 70 प्रतिभागी, साथ ही सपोर्ट स्टाफ, तकनीकी सदस्य, मेडिकल टीम और वालंटियर्स शामिल हैं। प्रतिभागी उत्तराखंड समेत उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र, कर्नाटक सहित कई राज्यों से आ रहे हैं।
इस साल की खास बात यह है कि भारतीय सेना की राष्ट्रीय टीम (दिल्ली) और महिला वर्ग की प्रतिभागी भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।
शुभारंभ 26 सितंबर को बद्रीनाथ से
प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ 26 सितंबर को बद्रीनाथ से किया जाएगा। अगले दिन 27 सितंबर को माणा पास से बद्रीनाथ तक रैली निकाली जाएगी और उसी दिन प्रतियोगिता का समापन भी होगा।
लक्ष्य: माणा पास को वैश्विक मानचित्र पर लाना
प्रतियोगिता का उद्देश्य माणा पास को विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करना है। यह आयोजन इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में भी स्थान प्राप्त कर चुका है।

