गुजरात के केवडिया में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ के सम्मुख आयोजित भव्य एकता परेड में उत्तराखंड की झांकी ने दर्शकों का मन मोह लिया। ‘अष्ट तत्त्व और एकत्व’ थीम पर आधारित इस झांकी में देवभूमि उत्तराखंड की प्रकृति, संस्कृति और विकास के विभिन्न आयामों की झलक देखने को मिली।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एकता परेड का निरीक्षण करते हुए उत्तराखंड की झांकी और लोक कलाकारों के शानदार प्रदर्शन की ताली बजाकर सराहना की। यह आयोजन सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित मुख्य समारोह का हिस्सा था, जिसमें देश के चुनिंदा आठ राज्यों की झांकियों को प्रदर्शन का अवसर मिला।
उत्तराखंड की झांकी में राज्य के धार्मिक स्थलों, नैसर्गिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और विकास के विभिन्न पहलुओं को आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया। सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान के नेतृत्व में झांकी के साथ उत्तराखंड के लोक कलाकारों ने लोकगीतों की धुनों पर पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर वातावरण को देवभूमि की संस्कृति से सराबोर कर दिया।
राज्य की झांकी के नोडल अधिकारी के.एस. चौहान ने बताया कि एकता परेड में उत्तराखंड की झांकी और कलाकारों के प्रदर्शन को दर्शकों से व्यापक सराहना मिली। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन उत्तराखंड की समृद्ध परंपरा, संस्कृति और एकता के संदेश को देशभर में प्रसारित करने का एक गौरवपूर्ण अवसर रहा।

