अहमदाबाद/देहरादून। गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्तूबर को स्टेच्यू ऑफ यूनिटी में आयोजित होने वाली भव्य परेड में उत्तराखंड की झांकी आकर्षण का केंद्र बनेगी। राज्य ने इस बार ‘अष्ट तत्व व एकत्व’ थीम पर अपनी झांकी तैयार की है, जो उत्तराखंड की आध्यात्मिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाएगी।
सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने बताया कि गृह मंत्रालय की विशेषज्ञ समिति ने विचार-विमर्श और परीक्षण के बाद देश के चुनिंदा आठ राज्यों की झांकियों में उत्तराखंड की झांकी को अंतिम रूप से चयनित किया है। यह राज्य के लिए गौरव का विषय है कि उसकी झांकी राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित परेड में शामिल की जा रही है।
‘अष्ट तत्व और एकत्व’ की थीम पर आधारित यह झांकी आठ तत्वों की समरसता और एकता की भावना का प्रतीक होगी। इसमें उत्तराखंड के दिव्य धार्मिक स्थलों, प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक समृद्धि के साथ-साथ सतत व समग्र विकास की झलक दिखाई देगी।
झांकी के नोडल अधिकारी एवं सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान के निर्देशन में इसका निर्माण कराया जा रहा है। चौहान ने बताया कि झांकी निर्माण और कलाकारों की प्रस्तुति से जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परेड में उत्तराखंड के लोक कलाकारों का 14 सदस्यीय दल पारंपरिक लोक नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति देगा।
सरदार पटेल की जयंती पर आयोजित इस ‘एकता परेड’ में उत्तराखंड की झांकी देश की एकता, विविधता और सांस्कृतिक विरासत का संदेश देगी।

