औली में पहली बार राष्ट्रीय स्कीइंग चैंपियनशिप दो अलग-अलग स्कीइंग स्लोप पर आयोजित की जाएगी। टेक्निकल कमेटी के निर्णय के बाद इसका पूरा खाका तैयार कर लिया गया है और आयोजन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
औली के मुख्य नंदा देवी स्लोप पर बर्फ तेजी से पिघलने के कारण यह निर्णय लिया गया है। विंटर कॉर्निवाल के साथ राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 16 फरवरी तक किया जाएगा।
विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड के सचिव राकेश रंजन भिलंगवाल ने प्रेस वार्ता में बताया कि विंटर कॉर्निवाल का आयोजन गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) द्वारा किया जाएगा, जबकि राष्ट्रीय स्कीइंग प्रतियोगिता विंटर गेम्स फेडरेशन ऑफ उत्तराखंड की ओर से कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि बर्फ कम होने के कारण प्रतियोगिताओं को अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किया जा रहा है। नंदा देवी स्लोप के टावर नंबर-8 के शुरुआती प्वाइंट से स्की माउंटेनियरिंग और स्नोबोर्ड प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि टावर नंबर-10 के ऊपर से टी-लाइन तक एल्पाइन स्कीइंग कराई जाएगी। जहां-जहां बर्फ की कमी है, वहां अन्य स्थानों से बर्फ लाकर स्लोप को तैयार किया जा रहा है।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 51 हजार रुपये, द्वितीय स्थान पर 41 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीम को 31 हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा पूरे टूर्नामेंट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीम को विशेष ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।

