टिहरी झील में आज शुक्रवार से तीन दिन तक अंतरराष्ट्रीय स्तर के साहसिक जल क्रीड़ा मुकाबले आयोजित होंगे। इस आयोजन के तहत इंटरनेशनल प्रेजिडेंट कप और चौथा टिहरी वाटर स्पोर्ट्स आयोजित किया जा रहा है, जिसका संचालन इंडियन कयाकिंग एंड केनोइंग एसोसिएशन (आईकेसीए) के सहयोग से किया जा रहा है। प्रतियोगिताएं 30 नवंबर तक चलेंगी।
कयाकिंग और केनोइंग की इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत सहित 22 देशों के लगभग 300 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। अधिकांश टीमें, कोच और आयोजन से जुड़े प्रतिनिधि बृहस्पतिवार देर शाम तक कोटीकॉलोनी पहुंच चुके हैं, जिससे झील क्षेत्र में रौनक बढ़ गई है।
पिछले कुछ वर्षों से टीएचडीसी की पहल पर टिहरी झील में साहसिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। इस बार भी टीएचडीसी और आईकेसीए ने संयुक्त रूप से सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। झील क्षेत्र में सौंदर्यीकरण, प्रकाश व्यवस्था, हेलीपैड, झील में लाइनिंग और आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है।
टीएचडीएम के डीजीएम एवं कार्यक्रम समन्वयक मोहन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर दिया गया है और अधिकांश प्रतिभागी पहुंच चुके हैं। तीन दिनों तक झील में अलग-अलग वर्गों की ओपन कयाकिंग और केनोइंग स्पर्धाएं आयोजित होंगी, जिनमें अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिलेगी।

