Saturday, March 7, 2026
Homeखेल-खिलाड़ीहरिद्वार में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 का आगाज, दो लाख खिलाड़ी लेंगे...

हरिद्वार में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 का आगाज, दो लाख खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

हरिद्वार। योगस्थली खेल परिसर, हरिद्वार में मंगलवार को मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी 2025-26 का भव्य शुभारंभ हो गया। खेल मंत्री रेखा आर्या ने ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्ज्वलित कर प्रतियोगिता की शुरुआत की। न्याय पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक चार चरणों में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से लगभग दो लाख खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

खेल मंत्री ने बताया कि खेल महाकुंभ को इस वर्ष नए प्रारूप में मुख्यमंत्री चैंपियंस ट्रॉफी के रूप में आयोजित किया जा रहा है। प्रतियोगिता न्याय पंचायत, विधानसभा क्षेत्र, संसदीय क्षेत्र और राज्य स्तर पर चार लेवल में संपन्न होगी। उन्होंने कहा कि यह चैंपियनशिप भविष्य में ओलंपिक जैसे बड़े मंचों तक पहुंचने के लिए लॉन्चिंग पैड साबित होगी।

उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने कहा कि इस बार प्रतियोगिता में कुल 26 खेल स्पर्धाएं शामिल की गई हैं, जिनमें आधुनिक खेलों के साथ-साथ परंपरागत खेलों को भी स्थान दिया गया है। सांसद ट्रॉफी जीतने वाली टीम को दो लाख रुपये तथा विधानसभा ट्रॉफी जीतने वाली टीम को भी दो लाख रुपये की नगद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।

रेखा आर्या ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा खिलाड़ियों के हित में लिए गए नीतिगत निर्णयों के बाद प्रदेश में खेलों का माहौल बदला है और एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित हो रही है। इस चैंपियनशिप के विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण का लाभ भी मिलेगा।

खेल मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को केवल टाइम पास नहीं, बल्कि करियर के रूप में अपनाएं। यदि खिलाड़ी 100 प्रतिशत अनुशासन और समर्पण के साथ मेहनत करें तो उन्हें चैंपियन बनने से कोई नहीं रोक सकता।

प्रतियोगिता में राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने वाले खिलाड़ियों के लिए एक लाख रुपये की अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि देने की भी घोषणा की गई है। वहीं, प्रतियोगिता के दौरान अर्जित पदकों के आधार पर अंकों का योग कर समग्र चैंपियन का चयन किया जाएगा। समग्र चैंपियन बनने वाले खिलाड़ी को मुख्यमंत्री ट्रॉफी के साथ पांच लाख रुपये की धनराशि प्रदान की जाएगी।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी खेल मंत्री रेखा आर्या काफी देर तक आयोजन स्थल पर मौजूद रहीं। हजारों खिलाड़ी उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए उत्साहित नजर आए। मंत्री ने भी खिलाड़ियों को निराश नहीं किया और लगभग एक घंटे तक उनके बीच रहकर बातचीत की, उनका उत्साहवर्धन किया और सभी को फोटो खिंचवाने का अवसर दिया।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments