हल्द्वानी। काठगोदाम में सीआरपीएफ द्वारा आयोजित पूर्व अर्द्ध सैनिक सम्मेलन में बुधवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिरकत की। कार्यक्रम में उपस्थित पूर्व अर्द्ध सैनिकों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया और सैन्य कल्याण के लिए सरकार की नीतियों पर आभार व्यक्त किया।
पूर्व सैनिकों को किया नमन
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देश की रक्षा में अपने प्राणों की परवाह न करने वाले योद्धाओं को वह हृदय से सलाम करते हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक अर्द्ध सैनिक बलों ने देश का गौरव बढ़ाया है। धामी ने अपने पिता के सेना में सेवा के अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि सैनिकों का राष्ट्र समर्पण अतुलनीय है।
“काम करने का नया कल्चर आया है”
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में काम करने की नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है। उन्होंने कहा कि बिहार चुनाव इसका उदाहरण है कि लोग अब झूठे नारों में नहीं आते और बेहतर काम के आधार पर सरकारें चुन रहे हैं। यही कारण है कि कई राज्यों में लगातार डबल इंजन सरकारें बन रही हैं।
रक्षा उत्पादन में बढ़ी आत्मनिर्भरता
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भारत छोटे से छोटे रक्षा उपकरणों के लिए भी पूरी तरह अन्य देशों पर निर्भर नहीं है।
मोदी सरकार के नेतृत्व में भारत अन्य देशों को भी रक्षा उत्पादों का निर्यात कर रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य का उत्पाद निर्यात 30 हजार करोड़ से 50 हजार करोड़ रुपये तक पहुंचने की संभावना है।
पहाड़ों में अवैध कब्जों पर कड़ा रुख
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों और अवैध कब्जों पर सख्ती से कार्रवाई की जा रही है। उनके अनुसार अब तक 10 हजार हेक्टेयर से अधिक जमीन अवैध कब्जों से मुक्त कराई जा चुकी है। धामी ने बताया कि प्रदेश में अवैध मजारों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है और अब तक 500 से अधिक संरचनाएं हटाई गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

