नैनीताल – जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव और सदस्यों के अपहरण से जुड़े मामले की सुनवाई आज उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल में हो रही है। इस अहम सुनवाई को देखते हुए शहर एक बार फिर पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है।
मुख्य न्यायाधीश की खंडपीठ द्वारा मामले की सुनवाई किए जाने के चलते, बड़ी संख्या में याचिकाकर्ताओं और उनके समर्थकों के नैनीताल पहुंचने की संभावना है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए हाईकोर्ट परिसर से 500 मीटर की परिधि में धारा 163 लागू कर दी गई है। साथ ही भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
एसपी प्रकाश चंद ने जानकारी देते हुए कहा कि उच्च न्यायालय परिसर के आसपास के क्षेत्र में बिना अनुमति ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग पूर्णतः वर्जित रहेगा। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, शांति भंग या न्यायालय के कार्य में बाधा डालने की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस प्रशासन सतर्क है और किसी भी असामाजिक या उपद्रवी तत्व पर पैनी नजर रखी जा रही है ताकि कानून व्यवस्था को किसी भी स्थिति में प्रभावित न होने दिया जाए।

