नैनीताल: नैनीताल में जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। गुरुवार को मतदान से पहले कांग्रेस जिला अध्यक्ष राहुल छिमवाल ने आरोप लगाया कि उनके कई जिला पंचायत सदस्यों का जबरन अपहरण कर लिया गया है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से कुछ लोगों को जिला पंचायत कार्यालय के पास से सदस्यों को जबरन ले जाते हुए देखा जा सकता है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह पूरी घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना रहा। आरोप है कि मतदान में बाधा डालने और कांग्रेस के सदस्यों को रोकने के लिए यह सुनियोजित साजिश रची गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेताओं ने तत्काल नैनीताल हाईकोर्ट का रुख किया और न्याय की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने भी इस घटना को लोकतंत्र के खिलाफ बताते हुए एक वीडियो जारी कर कार्रवाई की मांग की है।
इस घटनाक्रम के बाद नैनीताल का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। शहर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है, वहीं प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

