नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट हो गया है। मामले में कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, वहीं कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है।
गुरुवार शाम हाईकोर्ट के सहायक निबंधक एमएस सिरोही की ओर से कोतवाली में तहरीर दी गई। कोतवाल हेम पंत ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना को गंभीरता से लेते हुए आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने हाईकोर्ट परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने एसएसपी को निर्देश दिए हैं कि तीन दिन के भीतर पूरे परिसर का सुरक्षा ऑडिट कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए।
सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। अब आगंतुकों को तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। साथ ही एटीएस टीम और पीएसी की एक कंपनी भी सुरक्षा व्यवस्था में लगाई गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।

