रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पंतनगर एयरपोर्ट पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भव्य स्वागत किया। शाह रुद्रपुर में आयोजित राज्य सरकार के “निवेश उत्सव” कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यह उत्सव प्रदेश में एक लाख करोड़ रुपये के निवेश की ग्राउंडिंग के अवसर पर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने विभिन्न विभागों की कुल 1165.4 करोड़ रुपये की लागत वाली 14 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में आवास, सड़क, पेयजल, परिवहन और शहरी विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान शाह ने सिडकुल और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में कार्यरत महिलाओं के लिए 126 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दो कार्यकारी छात्रावासों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही, गांधी पार्क रुद्रपुर के सौंदर्यीकरण और 31वीं वाहिनी पीएसी में 47.79 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 108 टाइप-2 आवासों की आधारशिला भी रखी गई।
अन्य प्रमुख परियोजनाओं में शामिल हैं
40वीं वाहिनी पीएसी, हरिद्वार में टाइप द्वितीय के 108 आवास
नए कानूनों के क्रियान्वयन के लिए वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष
एनएच 87 पर डीडी चौक से इंदिरा चौक (रुद्रपुर) तक सड़क चौड़ीकरण
नैनीताल में मेट्रोपोल होटल परिसर में सरफेस पार्किंग निर्माण
चंपावत में मल्टी लेवल कार पार्किंग और वाणिज्यिक कॉम्प्लेक्स
टनकपुर में पेयजल आपूर्ति योजनाएं
हल्द्वानी में प्रशासनिक भवन और बस टर्मिनल निर्माण
हल्द्वानी में वर्षा जल प्रबंधन और सड़क निर्माण कार्य
शाह ने कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की निवेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड अब निवेशकों के लिए एक आकर्षक गंतव्य बन चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में प्रदेश में हो रहे तीव्र विकास की भी प्रशंसा की।

