हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को हल्द्वानी सिटी बस सेवा का शुभारंभ किया। उन्होंने सर्किट हाउस परिसर से हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया। इस नई परिवहन सेवा को शहर के नागरिकों के लिए एक बड़ी सौगात माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि यह सेवा शहर के विकास और नागरिकों की सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा, “सिटी बस सेवा से न केवल सस्ती और सुरक्षित परिवहन सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे शहर में ट्रैफिक दबाव भी कम होगा, प्रदूषण घटेगा और ऊर्जा संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।”
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि उत्तराखंड के हर नगर में आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे आम लोगों, खासकर विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
बस सेवा होगा चरणबद्ध रूप से विस्तार
परिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, सिटी बस सेवा को चरणबद्ध ढंग से शहर के प्रमुख मार्गों पर प्रारंभ किया जाएगा। इससे स्थानीय नागरिकों, छात्रों और कर्मचारियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
विशिष्ट जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), राम सिंह कैड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल, मुख्य विकास अधिकारी सुश्री अनामिका सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

