हल्द्वानी। मुखानी थाना क्षेत्र में तैनात कांस्टेबल दिगंबर ज्याला की मानवता, सेवा भाव और शालीनता की इन दिनों क्षेत्र में सराहना हो रही है। गवर्नमेंट पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गनाइजेशन के मुख्य संयोजक एवं कार्मिक एकता मंच के संस्थापक अध्यक्ष रमेश चंद्र पांडे ने उनके कार्यों की खुले दिल से प्रशंसा की है।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह करीब चार बजे देहरादून से लौटते समय रमेश चंद्र पांडे कुसुमखेड़ा चौराहे पर बस से उतरे और विवेकानंद विहार स्थित अपने आवास की ओर पैदल जा रहे थे। इसी दौरान कांस्टेबल दिगंबर ज्याला ने उन्हें रास्ते में देखा और रात के अंधेरे व ठंड को देखते हुए मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए उन्हें अपने वाहन से घर तक सुरक्षित छोड़ दिया।
रमेश चंद्र पांडे ने बताया कि कांस्टेबल ज्याला के इस व्यवहार से वे अत्यंत प्रभावित हुए और उनके मन में पुलिस विभाग के प्रति सम्मान की भावना और मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि किसी भी विभाग की छवि बेहतर बनाने में ऐसे कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जो अपने कर्तव्य के साथ-साथ मानवता का परिचय देते हैं।
कांस्टेबल दिगंबर ज्याला के इस सराहनीय कार्य की स्थानीय स्तर पर प्रशंसा की जा रही है और लोग इसे पुलिस की सकारात्मक छवि का उदाहरण बता रहे हैं।

