नैनीताल। रामगढ़ तहसील में तैनात राजस्व उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र को रिश्वत मांगने के आरोप में जिला मजिस्ट्रेट नैनीताल वंदना सिंह ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक ऑडियो क्लिप की प्राथमिक जांच में आरोपों के प्रथमदृष्टया सही पाए जाने के बाद की गई है।
डीएम ने बताया कि उपनिरीक्षक प्रकाश चंद्र का एक ऑडियो क्लिप फेसबुक पर वायरल हुआ था, जिसमें वह कथित रूप से भूमि संबंधी कार्य के बदले ₹25,000 से ₹50,000 की रिश्वत मांगते हुए सुने गए। जांच में यह पुष्टि हुई कि वायरल ऑडियो में आवाज प्रकाश चंद्र देवतल्ला की ही है।
लापरवाही और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
प्रकाश चंद्र पर सरकारी कार्यों में लापरवाही बरतने, बिना कारण कार्य में देरी करने और भूमि के खसरा दस्तावेज़ जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएम ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए, तहसील खनस्यूं में संबद्ध कर दिया है।
डीएम ने दिए विभागीय जांच के आदेश
जिलाधिकारी वंदना सिंह ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में शून्य सहिष्णुता (Zero Tolerance) की नीति अपनाई जा रही है। उन्होंने राजस्व उपनिरीक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं। डीएम ने कहा कि दोषी पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।

