नैनीताल: पौड़ी गढ़वाल की बेटी अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग को लेकर गुरुवार को नैनीताल में कांग्रेस और वामपंथी जनसंगठनों ने संयुक्त रूप से रैली निकाली। रैली में शामिल प्रदर्शनकारियों ने सरकार पर वीआईपी आरोपी को बचाने का आरोप लगाया और दोषियों को फांसी देने की मांग की।
मल्लीताल स्थित श्रीराम सेवक सभा से शुरू हुई रैली में सैकड़ों लोग शामिल हुए, जो हाथों में तख्तियां और बैनर लिए “अंकिता को न्याय दो”, “वीआईपी को गिरफ्तार करो” जैसे नारे लगाते हुए तल्लीताल तक पहुंचे। रैली के बाद सभा का आयोजन भी किया गया, जिसमें वक्ताओं ने सरकार पर इस संवेदनशील हत्याकांड को दबाने और असली गुनहगारों को बचाने का आरोप लगाया।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने कहा, “राज्य सरकार शुरू से ही इस मामले की लीपापोती कर रही है। असली हत्यारों को बचाने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस सत्ता में आने पर इस मामले की निष्पक्ष जांच कराएगी और दोषियों के साथ-साथ जांच में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।”
सभा में पूर्व सांसद महेंद्र पाल, कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, धीरज बिष्ट, कमलेश तिवारी, कैलाश अधिकारी, प्रभात ध्यानी, पालिकाध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, प्रो. शेखर पाठक, उमा भट्ट, दिनेश उपाध्याय, कैलाश जोशी, कैलाश पांडे, भारती जोशी समेत कई सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही न्याय की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो राज्यभर में बड़े आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

