हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। यह ईमेल कॉलेज के प्राचार्य की आधिकारिक ईमेल आईडी पर प्राप्त हुआ, जिसके बाद एहतियातन सभी शैक्षणिक गतिविधियां तत्काल प्रभाव से रोक दी गईं।
कॉलेज प्रशासन ने एमबीबीएस, एमडी और एमएस सहित सभी पाठ्यक्रमों की कक्षाएं अगले आदेश तक स्थगित कर दी हैं। संदिग्ध ईमेल की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन को अवगत कराया गया। सूचना पर पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।
प्राचार्य कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, छात्र-छात्राओं और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जब तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो जाती, तब तक नियमित कक्षाओं का संचालन नहीं किया जाएगा। विद्यार्थियों को अनावश्यक रूप से कॉलेज परिसर में न आने की सलाह दी गई है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी राज्य के कई न्यायालयों, जिनमें उत्तराखंड उच्च न्यायालय सहित अन्य जिला न्यायालय शामिल हैं, को धमकी भरे ईमेल मिल चुके हैं। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

