नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने न्यायिक अधिकारियों के तबादले और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित अधिसूचना जारी की है। इसके तहत पौड़ी गढ़वाल स्थित परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश हरिश कुमार गोयल को देहरादून का नया जिला एवं सत्र न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
हाईकोर्ट द्वारा जारी आदेश के अनुसार देहरादून में जिला एवं सत्र न्यायाधीश का पद रिक्त चल रहा था, जिसे भरते हुए हरिश कुमार गोयल का तबादला तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इसके अलावा नैनीताल के प्रथम अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश संजीव कुमार को एनडीपीएस विशेष न्यायालय, नैनीताल का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
वहीं देहरादून की एफटीसी/अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश कुसुम को विशेष पॉक्सो न्यायालय, देहरादून की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
हाईकोर्ट की ओर से जारी अधिसूचना के बाद संबंधित अधिकारियों को नए दायित्वों का कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

