हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के साथ छात्रसंघ चुनाव को लेकर भी सरगर्मी बढ़ गई है। इसी बीच शनिवार को कोषाध्यक्ष पद के संभावित प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच विवाद हो गया। समर्थक छात्र-छात्राओं के बीच हुई बहस देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। छात्रा के साथ मारपीट और अभद्रता का आरोप लगने के बाद कॉलेज परिसर में हंगामा मच गया।
बवाल की सूचना मिलते ही प्रॉक्टर बोर्ड और कॉलेज कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, हंगामा कर रहे छात्र नहीं माने। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से एक छात्र को हिरासत में लिया और उसे भोटिया पड़ाव चौकी ले गई। मामला बाद में प्राचार्य कक्ष तक पहुंच गया।
इस दौरान छात्र नेताओं ने कॉलेज परिसर में बाहरी युवकों के प्रवेश का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बाहरी युवकों के आने से परिसर में आए दिन विवाद की स्थिति बन रही है और छात्राओं के साथ अभद्रता की घटनाएं भी हो रही हैं। उन्होंने कॉलेज प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।
वहीं, पीड़ित छात्रा ने प्राचार्य प्रो. एनएस बनकोटी को लिखित शिकायत देकर चार युवकों के नाम बताए और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्राचार्य के कार्रवाई के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ। कॉलेज प्रशासन और पुलिस मामले की जांच में जुटे हैं।

