हल्द्वानी। शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर उत्तराखंड के सभी प्रखंडों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली नौ महिलाओं को सम्मानित करने की तैयारी है। चिकित्सा, शिक्षा, खेल, समाजसेवा समेत अन्य क्षेत्रों में प्रदेश और देश की प्रगति में योगदान देने वाली महिलाओं का चयन किया जाएगा।
इस संबंध में प्रस्ताव चार अक्तूबर को चंपावत में होने वाली कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा। प्रस्ताव पारित होने के बाद नवमी के अवसर पर प्रदेशभर में कार्यक्रम आयोजित कर चयनित महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा।
महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए राज्य सरकार पहले से ही नंदा गौरा योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना जैसी योजनाएं संचालित कर रही है। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में उत्तराखंड की मूल निवासी महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान भी किया गया है।
सरकार की इस पहल के तहत प्रत्येक प्रखंड में नौ महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा। इससे नवरात्र के दौरान महिला सशक्तीकरण और समाज में महिलाओं के योगदान को रेखांकित करने का संदेश देने की तैयारी है।

