हल्द्वानी। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को राज्य सरकार की मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के अंतर्गत 32 श्रद्धालुओं के दल को गंगोत्री धाम के लिए रवाना किया। हल्द्वानी सर्किट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रा का शुभारंभ किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित, सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य राज्य के वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने का अवसर देना है, जिससे उनके जीवन में आध्यात्मिक शांति और आनंद का संचार हो सके। उन्होंने कहा कि सरकार बुजुर्गों के जीवन में सम्मान और सहूलियत सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पांच दिवसीय इस तीर्थ यात्रा दल में 19 महिलाएं और 13 पुरुष शामिल हैं, जो गंगोत्री धाम के साथ-साथ मार्ग में स्थित अन्य पवित्र स्थलों के भी दर्शन करेंगे। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के आवास, भोजन और अन्य व्यवस्थाएं गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास केंद्रों में की गई हैं।
इस अवसर पर विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), राम सिंह कैड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।

