हल्द्वानी: हल्द्वानी में शनिवार सुबह से पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनज़र एक व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया है। विशेष रूप से शहर के मुस्लिम बहुल इलाकों में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत पुलिस ने हल्द्वानी के चारों ओर सख्त नाकाबंदी की और वाहनों की गहन जांच की।
अभियान का नेतृत्व एसपी सिटी के निर्देशन में किया जा रहा है, जिसमें सीओ, कोतवाल और अन्य अधिकारी भी शामिल हैं। इस विशेष कार्रवाई में करीब 300 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अभियान की शुरुआत शनिवार सुबह 6 बजे से हुई और यह लगातार जारी है।
पुलिस का कहना है कि सत्यापन अभियान का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना, बाहरी व्यक्तियों की पहचान करना और शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस द्वारा किरायेदारों, बाहरी मजदूरों और विभिन्न व्यवसायिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत लोगों का भी सत्यापन किया जा रहा है।
शहर भर में सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए कई जगह बैरिकेडिंग की गई है और प्रत्येक वाहन की चेकिंग की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह कार्रवाई पूरी तरह से सुरक्षा और शांति बनाए रखने के उद्देश्य से की जा रही है।

