कोटद्वार में सांसद चंद्रशेखर समेत कुछ राजनीतिक शख्सियतों के पहुंचने की खबर के बाद पौड़ी पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। हालात को देखते हुए कोटद्वार की सीमाओं पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यूपी से आने वाले वाहनों को वापस लौटाया जा रहा है, वहीं संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वयं एसएसपी ने मौके पर डेरा डालते हुए पुलिस अधिकारियों और जवानों को ब्रीफ किया। शहर में पुलिस बल द्वारा पैदल मार्च किया जा रहा है और जगह-जगह सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
दरअसल, कोटद्वार में दीपक कुमार द्वारा खुद को ‘मोहम्मद दीपक’ बताए जाने के बाद मचे विवाद ने राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मामले में मुस्लिम समाज के लोग, यूपी और उत्तराखंड के विपक्षी दलों के नेता दीपक के समर्थन में सामने आ रहे हैं, जिससे राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं।
मामले में कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत कई नेताओं के ट्वीट के बाद माहौल और गरमा गया है। इस पूरे विवाद में कोतवाली पुलिस ने अब तक तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। पहला मुकदमा दुकानदार वकील अहमद की ओर से बजरंग दल के अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज किया गया है। दूसरा मुकदमा बजरंग दल कार्यकर्ता कमलपाल की ओर से दीपक उर्फ अक्की (मोहम्मद दीपक) और कांग्रेस नेता विजय रावत समेत अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज कराया गया है।
वहीं तीसरा मुकदमा बाजार चौकी प्रभारी विनोद कुमार की ओर से देहरादून और हरिद्वार से आकर हंगामा करने वाले बजरंग दल कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रशासन को आशंका है कि यदि बजरंग दल की तर्ज पर दीपक को समर्थन देने वाले लोग भी बड़ी संख्या में कोटद्वार पहुंचे, तो माहौल बिगड़ सकता है। इसी आशंका के चलते पुलिस पूरी तरह सतर्क है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

