कोटद्वार। दुकान के नाम को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चाओं में आए मोहम्मद दीपक को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने का मामला सामने आया है। धमकी देने के साथ ही उन पर दो लाख रुपये का इनाम घोषित करने की भी बात कही गई है।
दीपक कुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। प्रारंभिक जांच में आरोपी की पहचान बिहार के मोतिहारी निवासी राजा उत्कर्ष के रूप में हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
इस बीच जमीअत उलेमा-ए-हिंद उत्तराखंड ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को पत्र भेजकर दीपक कुमार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि 26 जनवरी को एक मुस्लिम दुकानदार पर हुए हमले के दौरान दीपक कुमार ने बीच-बचाव कर उसकी जान बचाई थी, जिसके बाद से उन्हें लगातार जान का खतरा बना हुआ है।
जिम में तोड़फोड़ का प्रयास
जमीअत के प्रदेश महासचिव मौलाना शराफत अली कासमी ने बताया कि दीपक कुमार ने हिंसा का विरोध कर मानवीय और संवैधानिक दायित्व निभाया, लेकिन इसके बावजूद उन्हें धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने बताया कि 31 जनवरी को देहरादून और हरिद्वार से आए कुछ लोगों ने कोटद्वार पहुंचकर दीपक कुमार के जिम में तोड़फोड़ का प्रयास भी किया।
संगठन ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि हिंसा के खिलाफ खड़े होकर सामाजिक सौहार्द का संदेश देने वाले व्यक्ति को निशाना बनाया जाना चिंताजनक है। जमीअत के उपाध्यक्ष मुफ्ती रईस अहमद कासमी ने डीजीपी से मांग की है कि तोड़फोड़ का प्रयास करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से देवभूमि की शांत और सौहार्दपूर्ण छवि प्रभावित हो रही है।

