देवप्रयाग— उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण देवप्रयाग में अलकनंदा नदी उफान पर आ गई है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, शनिवार सुबह अलकनंदा का जलस्तर 463 मीटर तक पहुंच गया, जो चेतावनी के निशान के बराबर है। बीती रात यह नदी 460 मीटर पर बह रही थी।
तेजी से बढ़ते जल स्तर के चलते गंगा नदी का प्रवाह भी चेतावनी सीमा तक पहुँच गया है। इससे देवप्रयाग स्थित मुख्य संगम घाट, रामकुंड और फुलाडी घाट पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। अलकनंदा के तेज बहाव ने भागीरथी नदी के प्रवाह को भी प्रभावित किया, जिससे उसका जल स्तर भी बढ़ गया।
स्थिति के बावजूद, शनि अमावस्या के अवसर पर तीर्थयात्री और स्थानीय श्रद्धालु गंगा, अलकनंदा और भागीरथी के घाटों पर तर्पण कर रहे हैं। प्रशासन ने नदी किनारे सावधानी बरतने की अपील की है और जल स्तर पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

