पौड़ी। जनपद पौड़ी में जंगली जानवरों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को पाबौ विकासखंड के खंडुली गांव में जंगल में चारा लेने गई एक महिला पर भालू ने अचानक हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
जानकारी के अनुसार घटना बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे की है। घायल महिला की पहचान ज्योति देवी, पत्नी जगदीश, निवासी खंडुली गांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि महिला जंगल की ओर जा रही थी, इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने उस पर हमला कर दिया।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को 108 एंबुलेंस सेवा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाबौ पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत गंभीर बताते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
जिला पंचायत सदस्य कलूण भरत रावत ने बताया कि घटना की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत को दी गई, जिसके बाद महिला को एयर एंबुलेंस के जरिए देहरादून स्थित मैक्स अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।
लगातार हो रही वन्यजीव हमलों की घटनाओं से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से गश्त बढ़ाने और ठोस सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

