श्रीनगर गढ़वाल। देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान शनिवार को श्रीनगर गढ़वाल दौरे पर पहुंचे। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में एनसीसी कैडेट्स द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। वह अपनी पत्नी अनुपमा चौहान के साथ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे हैं।
कीर्तिनगर कोतवाली निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि सीडीएस हेलीपैड से सीधे विश्वविद्यालय प्रेक्षागृह पहुंचे, जहां वह छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद करेंगे। करीब दो घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम के बाद वह श्रीनगर मेडिकल कॉलेज का दौरा करेंगे।
श्रीनगर कोतवाली निरीक्षक कुलदीप कुमार के अनुसार मेडिकल कॉलेज में होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। यहां भी सीडीएस मेडिकल छात्रों से बातचीत करेंगे।
सीडीएस के दौरे को लेकर सेना के अधिकारी पिछले कई दिनों से तैयारियों में जुटे थे। शनिवार को विभिन्न स्थानों पर सेना के जवान तैनात किए गए, वहीं हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक आवाजाही के लिए वाहनों की रिहर्सल भी की गई। विश्वविद्यालय कार्यक्रम के समन्वयक प्रो. एमपीएस बिष्ट और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आशुतोष सयाना ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर छात्रों में खासा उत्साह है।
पैतृक गांव में भी उत्साह
सीडीएस जनरल अनिल चौहान के पैतृक गांव गवाणा के ग्रामीणों में भी उनके श्रीनगर दौरे को लेकर उत्साह बना हुआ है। ग्राम प्रधान अनूप कपरवाण ने बताया कि भले ही इस बार उनका गांव आने का कार्यक्रम नहीं है, फिर भी ग्रामीण श्रीनगर जाकर उनसे मिलने और गांव की समस्याओं से अवगत कराने की तैयारी में हैं।
ग्रामीणों ने गांव में पेयजल और सड़क की समस्या को प्रमुख मुद्दा बताया है। धनकूला स्रोत से आने वाली पेयजल लाइन बरसात में क्षतिग्रस्त हो गई थी, जो अभी तक पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो पाई है और फिलहाल प्लास्टिक पाइप से पानी की आपूर्ति की जा रही है। साथ ही सीडीएस के पैतृक घर तक इंटरलॉकिंग टाइल्स का रास्ता बनाने का प्रस्ताव भी रखा जाएगा।

