जिला मुख्यालय में युवा कांग्रेस ने अंकिता भंडारी के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर “मैं भी अंकिता भंडारी” अभियान की शुरुआत की। अभियान का शुभारंभ युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी सुरभि द्विवेदी ने किया।
इस मौके पर सुरभि द्विवेदी ने कहा कि यह न्याय की लड़ाई किसी एक बेटी तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश की बेटियों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय से जुड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के जरिए प्रदेश और देश की हर बेटी की आवाज को मजबूती से उठाया जाएगा।
जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए सुरभि द्विवेदी ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में सीबीआई जांच की संस्तुति करने में सरकार को तीन साल लग गए, जो सरकार की मंशा पर सवाल खड़े करता है।
वहीं युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव स्वाति नेगी ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अंकिता के माता-पिता को जबरन देहरादून बुलाया, जबकि वे स्वयं अंकिता के गांव जाकर उनसे मिल सकते थे। उन्होंने इसे सरकार की असंवेदनशीलता बताया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक यह अभियान जारी रहेगा और सरकार पर लगातार दबाव बनाया जाएगा।

