कोटद्वार/श्रीनगर (गढ़वाल) – गबर सिंह आर्मी कैंप कौड़िया में तैनात राइफलमैन लोकेंद्र प्रताप (26) की हृदयाघात से आकस्मिक मौत हो गई। मंगलवार सुबह उनका अंतिम संस्कार श्रीनगर के अलकेश्वर घाट पर सैन्य सम्मान और गमगीन माहौल में किया गया। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय लोगों और परिजनों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।
लोकेंद्र प्रताप पौड़ी जिले की तहसील श्रीनगर के ग्राम कटाखोली, पट्टी चलणस्यूं के निवासी थे। वे गढ़वाल राइफल्स की 21वीं बटालियन में करीब आठ वर्ष पूर्व भर्ती हुए थे और इस समय जम्मू-कश्मीर में तैनात थे। एक सप्ताह पहले वे प्रशिक्षण के लिए कोटद्वार स्थित गबर सिंह आर्मी कैंप कौड़िया आए थे।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात उन्होंने भोजन करने के बाद आराम किया। सोमवार सुबह जब वे नहीं उठे, तो साथी सैनिकों ने उन्हें बेहोशी की हालत में पाया। उन्हें तुरंत बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
लोकेंद्र की अचानक मौत की खबर से परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा। माता-पिता, भाई-भाभी और अन्य परिजन सूचना मिलने पर कैंप पहुंचे। बताया गया कि रविवार रात ही उनकी परिजनों से फोन पर बातचीत हुई थी। उल्लेखनीय है कि लोकेंद्र की शादी इसी वर्ष 8 जून को हुई थी।
लोकेंद्र की शहादत ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। उनके बलिदान को श्रद्धांजलि देने के लिए क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और सेना के अधिकारियों ने भी अलकेश्वर घाट पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किए।

