Saturday, March 7, 2026
Homeपौड़ी गढ़वालकीर्तिनगर में होली के दिन मारपीट पर बवाल, व्यापारियों ने किया एसडीएम...

कीर्तिनगर में होली के दिन मारपीट पर बवाल, व्यापारियों ने किया एसडीएम कार्यालय और कोतवाली का घेराव

श्रीनगर गढ़वाल। कीर्तिनगर नगर क्षेत्र में होली के दिन हुई मारपीट की घटना के विरोध में गुरुवार को स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने उपजिलाधिकारी कार्यालय व कोतवाली कीर्तिनगर का घेराव किया। व्यापारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए बाजार भी बंद रखा।

व्यापारियों का आरोप है कि होली के दिन कीर्तिनगर बाजार चेक पोस्ट के समीप कीर्तिनगर नैथाना के कुछ युवकों ने स्थानीय व्यापारियों के साथ अभद्रता की। इस दौरान कहासुनी बढ़कर मारपीट में बदल गई। घटना में एक व्यापारी के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि दो अन्य लोग भी घायल हो गए।

घटना के विरोध में गुरुवार को व्यापारियों ने बाजार बंद रखकर एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नगर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी कैमरों के नियमित संचालन, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण और मारपीट के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।

उपजिलाधिकारी कीर्तिनगर मंजू राजपूत ने व्यापारियों को उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

इसके बाद व्यापारी कोतवाली कीर्तिनगर पहुंचे और होली के दिन पर्याप्त पुलिस बल तैनात न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस की मौजूदगी कम होने से अराजकता का माहौल बना। व्यापारियों ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।

प्रभारी निरीक्षक कोतवाली कीर्तिनगर संजय मिश्रा ने बताया कि मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है और घटना को लेकर एफआईआर दर्ज की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
video
play-sharp-fill

Most Popular

Recent Comments