गढ़वाल राइफल्स में तैनात 26 वर्षीय जवान लोकेंद्र प्रताप की दिल का दौरा पड़ने से अचानक मौत हो गई। जवान की महज एक महीने पहले ही शादी हुई थी। घर में जहां खुशी का माहौल था, अब वहां गम और मातम का सन्नाटा पसरा हुआ है।
लोकेंद्र प्रताप, पुत्र भगत सिंह, गांव कटाखोली (पोस्ट नवाखाल), श्रीनगर पौड़ी निवासी थे। उन्होंने आठ वर्ष पूर्व भारतीय सेना में भर्ती होकर देश सेवा का संकल्प लिया था। हाल ही में वे गब्बर सिंह कैंप कौड़िया में ट्रेनिंग पर पहुंचे थे।
परिजनों के अनुसार, घटना की रात उन्होंने लगभग 11:30 बजे तक परिजनों से बातचीत की थी। उसके बाद वे सोने चले गए। सुबह जब साथी सैनिक उन्हें उठाने पहुंचे तो वे अचेत अवस्था में मिले। तुरंत चिकित्सकों को बुलाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
गौरतलब है कि लोकेंद्र की शादी हाल ही में, 8 जून को ही हुई थी। परिजन और ग्रामीण अभी वैवाहिक खुशी में मग्न थे कि यह दुखद समाचार पूरे गांव को स्तब्ध कर गया। गांव में शोक की लहर है, और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

