पौड़ी। भारतीय डाक विभाग के पौड़ी पोस्टल डिवीजन ने आम जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दो नई पार्सल सेवाएं शुरू की हैं। इन सेवाओं के माध्यम से अब लोग देश के किसी भी हिस्से में 35 किलो तक का सामान तेज, सुरक्षित और आसान तरीके से भेज सकेंगे।
डाक विभाग की ओर से स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के साथ ऑनलाइन ट्रैकिंग और सरल बुकिंग सुविधा को भी प्रभावी रूप से लागू किया गया है। श्रीनगर को शिक्षा का प्रमुख केंद्र होने के कारण विभाग इस सेवा को विद्यार्थियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी मान रहा है।
डाक निरीक्षक श्रीनगर रूपेश मलियाल ने बताया कि भारतीय डाक विभाग लगातार अपनी सेवाओं को आधुनिक और जनहितकारी बनाने की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि नई स्पीड पोस्ट पार्सल सेवा के तहत कम शुल्क में 500 ग्राम से लेकर 35 किलो तक के पार्सल देशभर में भेजे जा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि नई सेवा में तेज डिलीवरी, ऑनलाइन ट्रैकिंग और सुरक्षित परिवहन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इससे व्यापारियों, विद्यार्थियों, सरकारी संस्थानों और आम नागरिकों को काफी लाभ मिलेगा।
डाक विभाग का कहना है कि उसका व्यापक नेटवर्क दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक फैला हुआ है, जिससे लोगों को बेहतर और भरोसेमंद सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विभाग ने लोगों से नई पार्सल सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

