पौड़ी जिले के नैनीडांडा विकासखंड की पट्टी बिजलौट स्थित ग्राम सभा बणासी तल्ली में शनिवार सुबह गुलदार के हमले में एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह गांव की दो महिलाएं, शांति देवी और सुशीला देवी घास काटने के लिए गांव के ऊपरी हिस्से में गई थीं। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक सुशीला देवी पर हमला कर दिया। महिला पर हमले के बाद साथ मौजूद शांति देवी ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया।
ग्रामीण जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक गुलदार महिला को मार चुका था। घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में भय का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्र पंचायत प्रमुख प्रकीर्ण नेगी मौके के लिए रवाना हुए। वहीं ग्रामीणों ने वन विभाग से गुलदार को जल्द पकड़ने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

