उत्तराखंड में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। जनपद पौड़ी के श्रीनगर क्षेत्र में स्थित बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-7) पर सिरोबगड़ में दो स्थानों पर मलबा और जलभराव के कारण यातायात पूरी तरह अवरुद्ध हो गया है।
फरासू और कालियासौड़ में रोके जा रहे वाहन
श्रीनगर से रुद्रप्रयाग की ओर जाने वाले वाहनों को फरासू के निकट सुरक्षित स्थानों पर रोका जा रहा है। वहीं कुछ वाहनों को कालियासौड़ पुलिस चौकी पर भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, ताकि यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
गोवा बीच क्षेत्र में अलकनंदा नदी उफान पर, हाईवे जलमग्न
हिमालयी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण अलकनंदा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। श्रीनगर के निकट गोवा बीच क्षेत्र में नदी का पानी सीधे बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच गया है, जिससे हाईवे का एक हिस्सा जलमग्न हो गया है और यातायात बाधित हो गया है।
धारी देवी मंदिर क्षेत्र में भी खतरा, मंदिर बंद
धारी देवी मंदिर क्षेत्र में भी अलकनंदा का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है। सुरक्षा की दृष्टि से मंदिर को अस्थायी रूप से बंद करवा दिया गया है। मंदिर के आसपास प्रसाद की जो दुकानें थीं, उनमें भी पानी भर गया है, जिन्हें फिलहाल बंद कर दिया गया है।
पुलिस और जल पुलिस अलर्ट मोड पर
जल पुलिस और स्थानीय पुलिस द्वारा लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। प्रशासन की ओर से नदी के किनारे बसे क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है और खतरे वाले इलाकों को खाली कराने की तैयारी की जा रही है।
प्रशासन की अपील:
राज्य सरकार और जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें, नदी-नालों के किनारे न जाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

