पौड़ी गढ़वाल। हरेला पर्व के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को यमकेश्वर क्षेत्र के मालाग्राम पहुंचकर सघन पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण तथा हरित उत्तराखंड का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने पौधरोपण के बाद मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ का विस्तृत भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने परिसर में संरक्षित दुर्लभ औषधीय वनस्पतियों, अनुसंधान गतिविधियों और आयुर्वेद आधारित नवाचारों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिसर में स्थित ध्यान कुटी का भी निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध जैव विविधता, हिमालयी औषधीय वनस्पतियां और पारंपरिक आयुर्वेदिक ज्ञान राज्य की अमूल्य धरोहर हैं, जिनका संरक्षण और संवर्धन समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन संसाधनों पर आधारित वैज्ञानिक शोध और संरक्षण के प्रयास पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा देने के साथ-साथ औषधीय पौधों के संवर्धन और आयुर्वेद आधारित अनुसंधान को भी बढ़ावा देंगे।
उन्होंने कहा कि हर्बल पर्यटन के विकास से स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता के संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासरत है।
मालाग्राम स्थित ‘श्री धन्वंतरि धाम हर्बल वर्ल्ड हिमालय’ को देश का अपनी तरह का एक अनूठा हर्बल पार्क माना जाता है, जहां देश के विभिन्न राज्यों और हिमालयी क्षेत्रों से लाई गई दुर्लभ जड़ी-बूटियों और औषधीय पौधों का वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और संवर्धन किया जा रहा है। यह परिसर पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक शोध के समन्वय का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभर रहा है।
इस अवसर पर पतंजलि योगपीठ के संस्थापक स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, यमकेश्वर विधायक रेनू बिष्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

