पिथौरागढ़। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को “अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष 2025” के उपलक्ष्य में पिथौरागढ़ में आयोजित सहकारिता मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने 85.14 करोड़ रुपये की लागत वाली विभिन्न विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 23.16 करोड़ रुपये की योजनाओं का शिलान्यास और 61.98 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं पिथौरागढ़ जिले के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होंगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता की परंपरा भारत में प्राचीन काल से चली आ रही है, जो पारस्परिक सहयोग से स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता की दिशा में कार्य करती है।
सीएम धामी ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा वर्ष 2025 को “अंतरराष्ट्रीय सहकारिता वर्ष” घोषित किया गया है, ताकि वैश्विक सहयोग और सतत विकास लक्ष्यों को बढ़ावा दिया जा सके। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में “सहकार से समृद्धि” के स्वप्न को साकार करने के लिए सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश में बहुउद्देश्यीय सहकारी समितियों के कंप्यूटरीकरण का कार्य उत्तराखंड से प्रारंभ हुआ, और आज राज्य की 671 समितियों का कंप्यूटरीकरण पूर्ण हो चुका है। राज्य की 24 समितियाँ जन औषधि केंद्र, तथा 640 समितियाँ कॉमन सर्विस सेंटर के रूप में कार्य कर रही हैं। इसके अलावा 3838 समितियों का डेटा राष्ट्रीय सहकारी डेटाबेस पर अपलोड किया जा चुका है।
राज्य में फरवरी 2023 से अब तक 800 नई पैक्स, 248 डेयरी समितियाँ और 116 मत्स्य समितियाँ गठित की गई हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए मंडुवा की खरीद ₹48.86 प्रति किलो की दर से की जा रही है। इसके साथ ही दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता किसान कल्याण योजना के तहत किसानों और स्वयं सहायता समूहों को ₹5 लाख तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश के सहकारी बैंकों में ₹16 हजार करोड़ रुपये से अधिक की जमापूंजी है, जो इन संस्थाओं के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि 1.70 लाख से अधिक बहनें “लखपति दीदी” बन चुकी हैं, जो महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ में चल रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि ₹750 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज, ₹34 करोड़ की लागत से स्पोर्ट्स कॉलेज में मल्टीपर्पज हॉल और बेरीनाग में भव्य स्टेडियम का निर्माण कार्य जारी है। अस्कोट, गंगोलीहाट और धारचूला में नए बस स्टेशन, तथा पिथौरागढ़ में रोडवेज वर्कशॉप का निर्माण कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत ₹327 करोड़ की सड़कों का निर्माण कार्य गतिमान है।
सीएम ने कहा कि पिथौरागढ़ को हल्द्वानी, देहरादून और दिल्ली से हवाई सेवा द्वारा जोड़ा गया है और जल्द ही ₹450 करोड़ की लागत से पिथौरागढ़ हवाई अड्डे का आधुनिकीकरण शुरू किया जाएगा।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, विधायक बिशन सिंह चुफाल, मेयर कल्पना देवलाल, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेन्द्र प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिलाधिकारी आशीष भटगांई, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, तथा बड़ी संख्या में स्थानीय जनता उपस्थित रही।

